बेटे पर अपहरण-दुष्कर्म का मुकदमा, मां के नेतृत्व में 70 महिलाओं ने चौबेपुर थाने का किया घेराव; प्रदर्शन के दौरान नानी हुईं बेहोश
वाराणसी :- चौबेपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव से जुड़े नाबालिग के कथित अपहरण और दुष्कर्म के मामले में शुक्रवार को आरोपित युवक के परिजनों ने चौबेपुर थाने के बाहर प्रदर्शन किया। आरोपी की मां के नेतृत्व में करीब 70 महिलाएं सुबह 11 बजे से दोपहर लगभग 2:30 बजे तक थाने के बाहर जुटीं और निष्पक्ष व साक्ष्य-आधारित जांच की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।प्रदर्शन के दौरान आरोपी काजू की नानी दुईजा देवी की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर भेजा, जहां उनका उपचार कराया गया।
सीवों चुनाडीह निवासी मीना देवी ने आरोप लगाया कि गांव की एक महिला से उनकी पुरानी जमीन संबंधी रंजिश है। इसी विवाद के चलते उनके बेटे करन को नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में झूठा फंसाया गया है। उनका कहना है कि करन का इस घटना से कोई संबंध नहीं है और उसे साजिश के तहत आरोपी बनाया गया।मीना देवी के अनुसार, नाबालिग के लापता होने के बाद पुलिस ने उनके पुत्र करन और एक अन्य नाबालिग को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था, जिसके बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विवेचना के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की अनदेखी की गई।
परिजनों का दावा है कि मामले में मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज धारा 164 के बयान सहित कई ऐसे साक्ष्य मौजूद हैं, जिनसे पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता सामने आ सकती है। उनका यह भी कहना है कि नाबालिग करीब 20 दिनों तक एक युवक के रिश्तेदारों के यहां रही, लेकिन इसके बावजूद निर्दोष बच्चों को आरोपी बनाया गया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कुछ समय तक पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाकर शांत कराया।
प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मामले की विवेचना एसीपी सारनाथ द्वारा की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष और विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और दोषी पाए जाने पर कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



No comments