• Breaking News

    बारिश में बनारस स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-8 पर छत से टपका पानी, वीडियो वायरल; रेलवे ने बताई वजह, अजय राय ने साधा निशाना

    वाराणसी :-
    लगातार हो रही बारिश के बीच बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-8 का एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में प्लेटफॉर्म की छत के पास लगे पंखों के आसपास से तेज़ी से पानी गिरता दिखाई दे रहा है, जिससे कुछ देर के लिए ऐसा प्रतीत हुआ मानो प्लेटफॉर्म पर झरना बह रहा हो। मौके पर मौजूद किसी यात्री ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद रेलवे की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा शुरू हो गई।

    रेलवे अधिकारियों के अनुसार, लगातार बारिश के दौरान रेन वाटर पाइप में मांझा और पेड़ों की पत्तियां फंस जाने से वर्षा जल की निकासी बाधित हो गई थी। इसी कारण पानी प्लेटफॉर्म पर गिरने लगा। सूचना मिलते ही रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और पाइप की सफाई कर निकासी व्यवस्था को तुरंत बहाल कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि सफाई के बाद पानी का बहाव सामान्य हो गया और स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया।
    इस घटना के बाद यात्रियों के बीच रेलवे स्टेशन पर मानसून की तैयारियों को लेकर सवाल उठे। कई यात्रियों ने कहा कि बारिश के मौसम में इस तरह की घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा दोनों के लिए परेशानी का कारण बन सकती हैं। वहीं, कुछ लोगों ने शिकायत मिलते ही रेलवे द्वारा त्वरित कार्रवाई किए जाने की सराहना भी की।

    रेलवे प्रशासन ने कहा है कि मानसून के दौरान स्टेशन परिसर की नियमित निगरानी की जाएगी और रेन वाटर ड्रेनेज सिस्टम की समय-समय पर सफाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।

    उधर, इस वायरल वीडियो को साझा करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केंद्र और सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण संसदीय क्षेत्र के रेलवे स्टेशन की यह तस्वीर विकास संबंधी दावों पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए लगाए गए पंखों के पास से पानी गिरना व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को दर्शाता है और सरकार को बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad