• Breaking News

    वाराणसी में सर्राफा व्यापारी से लूट का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ के बाद आठ आरोपी गिरफ्तार

    वाराणसी :- कमिश्नरेट पुलिस ने चेतगंज क्षेत्र में 27 जून को सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें मुख्य आरोपी आकाश सेठ के पैर में गोली लग गई। उसे उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से पांच लाख रुपये बरामद करने का भी दावा किया है।
    मुठभेड़ में घायल हुआ मुख्य आरोपी

    पुलिस के अनुसार सर्विलांस टीम, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर चेतगंज व रामनगर थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। रामनगर क्षेत्र के लंका मैदान स्थित प्रकाश ढाबा के पास आरोपियों की घेराबंदी की गई। इस दौरान मुख्य आरोपी आकाश सेठ ने पुलिस पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल भेजा गया।

    रेकी कर बनाई गई थी लूट की योजना

    पूछताछ में पुलिस को पता चला कि वारदात पहले से तय योजना के तहत अंजाम दी गई थी। जांच में सामने आया कि प्रद्युम्न यादव और गोविंद मौर्य ने पीड़ित की गतिविधियों पर नजर रखी, जबकि आशीष मौर्य ने मुख्य आरोपी आकाश सेठ को पीड़ित के आने-जाने और नकदी ले जाने की सूचना उपलब्ध कराई। इसी जानकारी के आधार पर पूरी लूट की साजिश रची गई।

    ऐसे हुई थी वारदात

    27 जून 2026 को पीड़ित अपने मित्र के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था। उसने प्लॉट की रजिस्ट्री के लिए उधार लेकर करीब पांच लाख रुपये साथ रखे थे। रास्ते में बाटी-चोखा रेस्टोरेंट के पास तीन-चार बदमाशों ने स्कूटी रोक ली और आगे रखा नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए थे। घटना के बाद चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी।

    आठ आरोपी गिरफ्तार

    अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बंगर ने बताया कि इस मामले में कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में नवापुरा, दारानगर निवासी आकाश सेठ, शिवरामपुर निवासी आशीष मौर्य, बसारिकपुर निवासी विजय उर्फ सिपाही यादव, शास्त्रीनगर निवासी आकाश यादव, प्रद्युम्न यादव, गोविंद मौर्य, अमित कुमार तथा जावेद अख्तर शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad