वाराणसी में ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े रैकेट का भंडाफोड़, साइबर क्राइम टीम ने 8 शातिर गिरफ्तार; लाखों के डिजिटल लेनदेन का खुलासा
वाराणसी :- कमिश्नरेट वाराणसी की साइबर क्राइम टीम ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन, 68 हजार रुपये नकद तथा ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी से जुड़े मामलों की जांच के दौरान इस गिरोह की गतिविधियों का खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि आरोपी "भाग्यलक्ष्मी" नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए अवैध सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित कर रहे थे। गिरोह व्हाट्सएप ग्रुप, वेबसाइट लिंक और ऑनलाइन पेमेंट के माध्यम से लोगों को जोड़कर उनसे पैसे लगवाता था। इसके बाद परिणामों में कथित तकनीकी हेरफेर कर अवैध तरीके से मोटा मुनाफा कमाया जाता था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन से व्हाट्सएप चैट, ऑनलाइन भुगतान का रिकॉर्ड, हिसाब-किताब और लाखों रुपये के डिजिटल लेनदेन से जुड़े अहम साक्ष्य बरामद किए हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
एसीपी क्राइम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और तकनीकी सहयोगियों की पहचान की जा रही है। ऑनलाइन सट्टेबाजी, साइबर ठगी और डिजिटल अपराध से जुड़े पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान जारी रहेगा।
गिरफ्तार आरोपी
- पवन अग्रहरी (31), सदर बाजार, कैंट
- अंशुमान चन्द्र (30), सदर बाजार, कैंट
- दीपक कुमार गुप्ता (30), सदर बाजार, कैंट
- शिव कुमार साहनी (50), निराला बेरी घाट, दशाश्वमेध
- मो. खुर्शीद (35), सदर बाजार, कैंट
- ललित मोहन उर्फ सोनू (30), सदर बाजार, कैंट
- विकास कुमार गुप्ता उर्फ विक्की (28), सदर बाजार, कैंट
- सुनील कुमार (53), नचनी कुआं, आदमपुर (वर्तमान पता: पापा कटरा, मलदहिया, कैंट)
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

No comments