वाराणसी पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्य दबोचे, चोरी की बाइकें और कटे हुए पार्ट्स बरामद
वाराणसी :- कमिश्नरेट वाराणसी की कैंट थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, तीन अन्य बाइकों के इंजन तथा विभिन्न स्पेयर पार्ट्स बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मामले का खुलासा करते हुए सहायक पुलिस आयुक्त (कैंट) अपूर्व पांडेय ने बताया कि थाना कैंट पुलिस नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मानसिक चिकित्सालय के समीप स्थित धोबी घाट क्षेत्र से सुबह करीब आठ बजे दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिलें एवं उनके पार्ट्स बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुमताज निवासी अड़िया, गौरा कला (थाना चौबेपुर) तथा प्रवेश गुप्ता निवासी बरियासनपुर (थाना चौबेपुर) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मुमताज पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। उसके खिलाफ कैंट, सारनाथ समेत जिले के विभिन्न थानों में वाहन चोरी, अवैध हथियारों की तस्करी और एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं तथा वह कई बार जेल भी जा चुका है।
पूछताछ में आरोपी मुमताज ने बताया कि वह अस्पतालों, न्यायालय परिसर और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों से मोटरसाइकिलें चोरी करता था। इसके बाद चोरी की बाइकें अपने साथी प्रवेश गुप्ता को बेच देता था। प्रवेश गुप्ता कथित तौर पर बाइकों को काटकर उनके इंजन और अन्य पार्ट्स अलग-अलग कर कबाड़ के रूप में बेच देता था, जिससे पुलिस की पकड़ से बचा जा सके।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है। संभावना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में थाना कैंट के प्रभारी निरीक्षक राजकिशोर पांडेय, उपनिरीक्षक शैलेंद्र सिंह, अभिषेक सिंह, उमाशंकर सिंह, कांस्टेबल अतुल कुमार पांडेय और नागेंद्र कुमार शामिल रहे।

No comments