वाराणसी : चोलापुर में नकली दरोगा बनकर लोगों को ठगने वाला युवक गिरफ्तार, पुलिस वर्दी पहनकर करता था रौब
वाराणसी :- चोलापुर पुलिस ने पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को सब इंस्पेक्टर बताता था और इसी पहचान का फायदा उठाकर लोगों से रुपये ऐंठने का आरोप है। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवक की पहचान शिवपुर थाना क्षेत्र के इंद्रपुर निवासी 22 वर्षीय राजन के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह लंबे समय से पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों के बीच अपना प्रभाव जमाता था। उसके हाव-भाव और बातचीत का अंदाज भी ऐसा था कि लोग उसे असली पुलिसकर्मी समझ बैठते थे।
जानकारी के अनुसार आरोपी ने अपने एक परिचित को उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती कराने का भरोसा देकर उससे रुपये की मांग की थी। युवक को जब इस पर शक हुआ तो उसने चोलापुर पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची, जहां उसने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए पुलिसकर्मियों पर भी धौंस जमाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने उसे तत्काल पकड़ लिया और पूछताछ के लिए थाने ले आई।चोलापुर थाना प्रभारी सधुबन राम गौतम ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। यह जांच की जा रही है कि उसने नौकरी दिलाने के नाम पर कितने लोगों को अपने जाल में फंसाया और कितनी रकम वसूली। इसके अलावा उसके आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित मामलों की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


No comments