• Breaking News

    वाराणसी: महिला दरोगा ने फरियादी को जड़े पांच थप्पड़, 'तमीज से बात करो' कहते हुए वीडियो वायरल

    वाराणसी :-
    चौबेपुर थाना परिसर में तैनात एक महिला उपनिरीक्षक द्वारा फरियादी महिला को थप्पड़ मारने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। करीब आठ सेकेंड के इस वीडियो में महिला उपनिरीक्षक एक महिला को लगातार थप्पड़ मारती दिखाई दे रही हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
    जानकारी के अनुसार, मामला चौबेपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर कला ग्राम पंचायत स्थित परानापुर गांव का है, जहां आबादी की जमीन को लेकर पूनम पत्नी जोगेंद्र और दूसरे पक्ष के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी मामले के निस्तारण के लिए दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे।

    बताया जा रहा है कि दूसरे पक्ष की गीता पत्नी रामसेवक की महिला उपनिरीक्षक रोशनी सिंह से किसी बात को लेकर बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर महिला उपनिरीक्षक ने कथित तौर पर गीता को कई थप्पड़ मार दिए। घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

    वहीं, कुछ स्थानीय सूत्रों का कहना है कि गीता के पति को पुलिस किसी मामले में पूछताछ के लिए थाने लाई थी। इसकी जानकारी मिलने पर गीता भी थाने पहुंचीं और पति को बुलाए जाने का कारण पूछने लगीं। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

    वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है। बताया जा रहा है कि वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए रिपोर्ट तलब की है।

    इस संबंध में चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है और मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की ओर से इस घटना पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की वास्तविक स्थिति विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad