• Breaking News

    BHU में एक ही कोर्स की फीस में बड़ा अंतर, मेन कैंपस से संबद्ध कॉलेजों तक 10 गुना ज्यादा शुल्क

    वाराणसी :- काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में एक ही स्नातक (UG) कोर्स की फीस में बड़ा अंतर देखने को मिला है। मेन कैंपस की तुलना में कई संबद्ध कॉलेजों में छात्रों को पांच से दस गुना तक अधिक फीस चुकानी पड़ रही है।

    बीएचयू के मुख्य परिसर में बीकॉम की फीस मात्र 1,150 रुपये प्रति सेमेस्टर है, जबकि वसंत महिला महाविद्यालय, राजघाट में इसी कोर्स की फीस करीब 11,100 रुपये है। वहीं आर्य महिला पीजी कॉलेज में बीकॉम की वार्षिक फीस 23,600 रुपये निर्धारित की गई है, जो मेन कैंपस की तुलना में लगभग दस गुना अधिक है।

    विज्ञान, कला और संस्कृत में भी बड़ा अंतर

    मेन कैंपस और महिला महाविद्यालय (MMV) में विज्ञान, वाणिज्य, संस्कृत, कला और मानविकी विषयों की नियमित फीस 1,150 रुपये प्रति सेमेस्टर है। वहीं संबद्ध कॉलेजों में इन्हीं पाठ्यक्रमों की फीस 5,100 रुपये से 12,100 रुपये तक पहुंच रही है।

    बीए-बीएड कोर्स में भी फीस का अंतर साफ दिखाई देता है। आर्य महिला पीजी कॉलेज में इसकी फीस 50,000 रुपये, जबकि वसंत महिला महाविद्यालय में 25,000 रुपये निर्धारित की गई है।

    यूजी प्रवेश के लिए 9 हजार सीटें

    बीएचयू ने स्नातक प्रवेश के लिए जारी बुलेटिन में सीटों के साथ सभी पाठ्यक्रमों की फीस का भी विवरण जारी किया है। इस वर्ष विश्वविद्यालय में करीब 9,000 यूजी सीटों पर प्रवेश होगा। इनमें कला, सामाजिक विज्ञान, कृषि विज्ञान, वाणिज्य और विज्ञान संस्थान के पाठ्यक्रमों में सबसे अधिक सीटें उपलब्ध हैं।

    कृषि विज्ञान और बीटेक कोर्स की फीस

    कृषि विज्ञान संस्थान के मेन कैंपस में 154 नियमित और 23 पेड सीटें, जबकि राजीव गांधी साउथ कैंपस में 50 सीटें उपलब्ध हैं। नियमित छात्रों के लिए फीस 10,000 रुपये प्रति सेमेस्टर और पेड/स्पेशल सीटों के लिए 30,000 रुपये प्रति सेमेस्टर तय की गई है।

    वहीं बीटेक डेयरी टेक्नोलॉजी और फूड टेक्नोलॉजी में 30-30 सीटें हैं तथा इनकी फीस 40,000 रुपये प्रति सेमेस्टर निर्धारित की गई है।

    विज्ञान में 2 हजार से 24 हजार तक फीस

    विज्ञान संस्थान के चार वर्षीय NEP आधारित पाठ्यक्रमों में नियमित छात्रों के लिए फीस 2,000 रुपये प्रति सेमेस्टर है, जबकि पेड सीटों के लिए यह 24,000 रुपये प्रति सेमेस्टर निर्धारित की गई है।

    वाणिज्य संकाय में बीकॉम की 391 सीटें हैं। नियमित छात्रों के लिए फीस 1,150 रुपये प्रति सेमेस्टर, जबकि पेड सीट पर 16,150 रुपये प्रति सेमेस्टर रखी गई है। वहीं संबद्ध कॉलेजों में बीकॉम की फीस 11,100 रुपये से लेकर 48,600 रुपये तक निर्धारित की गई है।

    बीएचयू की ओर से जारी फीस संरचना से स्पष्ट है कि एक ही पाठ्यक्रम के लिए मेन कैंपस और संबद्ध कॉलेजों के बीच शुल्क में काफी बड़ा अंतर है, जिससे प्रवेश लेने वाले छात्रों और अभिभावकों के सामने विकल्प चुनने की चुनौती बढ़ गई है।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad