दालमंडी ध्वस्तीकरण के दौरान हंगामा, सरकारी कर्मचारियों से मारपीट का आरोप; कई नामजद समेत अन्य पर केस दर्ज
वाराणसी :- दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत चल रहे ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान सरकारी टीम के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। इस संबंध में विकास प्राधिकरण के एक कर्मचारी की शिकायत पर चौक थाने में नामजद आरोपितों सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
शिकायत के अनुसार, 25 जुलाई को काजीपुरा कला क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। मौके पर एसीएम तृतीय, राजस्व विभाग, विकास प्राधिकरण की टीम, सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध तथा चौक थाने की पुलिस मौजूद थी। कार्रवाई के दौरान मकान संख्या डी-50/221 के सामने अतिक्रमण हटाने का काम चल रहा था।
आरोप है कि इसी बीच राशिद, शाहिद, हसन, रशीद, अंजुम समेत करीब 14-15 लोग मौके पर पहुंच गए और सरकारी कार्रवाई का विरोध करते हुए कर्मचारियों व अधिकारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपितों ने सरकारी कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की, जिससे कुछ कर्मियों को चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया और कुछ लोगों को हिरासत में लिया। इसके बाद विकास प्राधिकरण में कार्यरत कर्मचारी ज्ञानदास ने चौक थाने में तहरीर देकर नामजद आरोपितों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और अभद्रता का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments