• Breaking News

    वाराणसी : युवती से छेड़छाड़ और कार में बैठाने की कोशिश, एक आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार

    वाराणसी :-
    लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के काली मंदिर के पास रविवार रात एक युवती से कथित छेड़छाड़ और जबरन कार में बैठाने की कोशिश का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपियों ने हंगामा किया और फरार होते समय एक स्कूटी सवार किशोरी को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गई। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
    पुलिस के अनुसार, लखनऊ निवासी एक युवक अपनी पत्नी के साथ वाराणसी स्थित ससुराल आए थे। दोनों शाम को स्कूटी से बाजार जा रहे थे। काली मंदिर के पास एक कार उनके बराबर आकर रुकी। कार में सवार युवकों ने युवती पर अशोभनीय टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं और कथित तौर पर उसे कार में बैठने के लिए कहा।
    पीड़ित दंपती ने इसका विरोध किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर लालपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में भी आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान कार चालक ने तेज रफ्तार में वाहन भगाते हुए एक स्कूटी सवार किशोरी को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    मौके पर मौजूद लोगों की मदद से पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी कार लेकर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर छेड़छाड़, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

    उधर, एसीपी कैंट अपूर्व पांडेय ने बताया कि मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई कराई जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad