वाराणसी में वीआईपी सुरक्षा का रिहर्सल: जीरो ट्रैफिक के बीच एनएसजी, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की मॉक ड्रिल
वाराणसी :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में वीआईपी मूवमेंट और आगामी त्योहारों को देखते हुए शनिवार सुबह सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए हाई-लेवल मॉक ड्रिल आयोजित की गई। एडीजी सुरक्षा के निर्देश पर एनएसजी, सीएम सिक्योरिटी, कमिश्नरेट पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से इस अभ्यास में हिस्सा लिया।सुबह करीब 9 बजे पुलिस कमिश्नर कार्यालय से 'सीएम' के काफिले का रिहर्सल शुरू हुआ। काफिला जिला मुख्यालय होते हुए पुलिस लाइन पहुंचा। मॉक ड्रिल के दौरान पूरे रूट को जीरो ट्रैफिक घोषित किया गया। मार्ग पर आम लोगों की आवाजाही रोककर सुरक्षा घेरा बनाया गया। पहले एंटी-डेमो टीम रवाना हुई, उसके बाद वार्निंग कार, पायलट वाहन और फिर वीआईपी काफिला निर्धारित मार्ग से पुलिस लाइन पहुंचा।
रियल टाइम एक्सरसाइज की तरह हुआ अभ्यास
मॉक ड्रिल के बाद अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीना ने बताया कि एडीजी सुरक्षा द्वारा महत्वपूर्ण शहरों के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की गई है। इसका उद्देश्य एनएसजी, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि वीआईपी मूवमेंट के साथ-साथ त्योहारों के दौरान भीड़ या किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
उन्होंने बताया कि अभ्यास के दौरान सभी एजेंसियों ने अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन किया और यह परखा गया कि सुरक्षा व्यवस्था में क्या बेहतर किया जा सकता है। एनएसजी अधिकारियों ने पहले सभी टीमों को ब्रीफिंग दी, जिसके बाद पूरे रूट पर रियल टाइम रिहर्सल कराया गया।
आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों की भी हुई समीक्षा
ड्रिल के समापन पर आयोजित ब्रीफिंग सेशन में मेडिकल इमरजेंसी, सुरक्षा खतरे और अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में विभिन्न एजेंसियों की भूमिका की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत, समन्वित और प्रभावी बनाना है।


No comments