• Breaking News

    वाराणसी में कथित ट्रेडिंग कॉल सेंटर पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 21 युवतियों समेत 32 हिरासत में; निवेश के नाम पर ठगी का आरोप

    वाराणसी :-
    साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वाराणसी पुलिस और साइबर क्राइम टीम ने गुरुवार देर रात भेलूपुर थाना क्षेत्र के महमूरगंज स्थित रघुनाथ नगर कॉलोनी के शाही टावर में संचालित एक कथित ट्रेडिंग कॉल सेंटर पर संयुक्त छापेमारी की। इस कार्रवाई में 21 युवतियों सहित कुल 32 लोगों को हिरासत में लिया गया। मौके से कई लैपटॉप, मोबाइल फोन, कंप्यूटर उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
    प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि कॉल सेंटर के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन ट्रेडिंग, डिजिटल मार्केटिंग, निवेश योजनाओं और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ठगी की जा रही थी। आरोप है कि शुरुआत में निवेशकों को मामूली लाभ देकर उनका भरोसा जीता जाता था, जिसके बाद उन्हें बड़ी रकम निवेश करने के लिए प्रेरित किया जाता था।

    छापेमारी के दौरान हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन वे धन के स्रोत और लेनदेन से जुड़े सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने उनके बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजैक्शन, मोबाइल डेटा और कॉलिंग नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कथित नेटवर्क से कितने लोग जुड़े थे, किन-किन राज्यों के लोगों को निशाना बनाया गया और अब तक कितनी रकम की धोखाधड़ी की गई है।

    फिलहाल सभी संदिग्धों से पूछताछ जारी है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad