सीएम योगी की बड़ी घोषणा: भदोही फिर कहलाएगा 'संत रविदास नगर', संत की जन्मस्थली से किया ऐलान
वाराणसी :- संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि भदोही जिले का नाम एक बार फिर 'संत रविदास नगर' रखा जाएगा। उन्होंने यह घोषणा वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास की जन्मस्थली पर आयोजित 'समरसता संकल्प अभियान' के शुभारंभ समारोह में की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता की मजबूत नींव हैं और प्रदेश सरकार उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार संतों और महापुरुषों की विरासत को सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल समाज को जाति और वर्ग के आधार पर विभाजित करने की राजनीति करते हैं, जबकि संत रविदास का पूरा जीवन लोगों को जोड़ने और भेदभाव समाप्त करने के लिए समर्पित रहा।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने जिले का नाम 'संत रविदास नगर' से बदलकर 'भदोही' कर दिया था। अब भाजपा सरकार जिले को उसकी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान लौटाने का काम कर रही है।
केशव मौर्य ने कहा कि संत रविदास की जन्मस्थली को विकसित करने के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि पहले वहां अवैध कब्जे थे, जिन्हें हटाकर क्षेत्र का विकास कराया गया तथा संत रविदास की प्रतिमा स्थापित कराई गई। उन्होंने कहा कि सरकार संतों की विरासत के संरक्षण और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए लगातार प्रयासरत है।
समारोह के दौरान संत रविदास के समरसता, भाईचारे और सामाजिक समानता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया गया। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ इसका स्वागत किया और क्षेत्र में खुशी का माहौल देखने को मिला।

No comments