• Breaking News

    सावन से पहले बाबा विश्वनाथ की शरण में पहुंचीं अक्षरा सिंह, बोलीं— "कुछ अनुभूतियां शब्दों में नहीं, केवल हृदय में महसूस होती हैं"

    वाराणसी :- भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह इन दिनों अपने नए प्रोजेक्ट्स को लेकर लगातार चर्चा में हैं। भोजपुरी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाने के बाद अब वह बॉलीवुड में भी तेजी से अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही हैं। हाल ही में अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' के एक विशेष गीत में नजर आने के बाद अब वह श्रद्धा कपूर की आगामी फिल्म 'ईठा' में भी अहम भूमिका निभाती दिखाई देंगी।
    इसी बीच सावन माह के शुभ अवसर पर अक्षरा सिंह वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचीं। शाम के समय उन्होंने बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया और देश-दुनिया के लोगों की सुख-समृद्धि की कामना की।
    सावन स्पेशल गीत की शूटिंग के लिए आई हैं काशी
    अक्षरा सिंह ने बताया कि वह इन दिनों सावन विशेष गीत की शूटिंग के सिलसिले में वाराणसी में हैं। व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद उन्होंने सबसे पहले बाबा विश्वनाथ के दर्शन का संकल्प पूरा किया। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा से पहले अपने जीवन के सबसे बड़े गुरु का आशीर्वाद लेना उनके लिए बेहद सौभाग्य की बात है।
    उन्होंने कहा, "मेरे जीवन में जो भी मिला है, वह बाबा विश्वनाथ की कृपा से मिला है। वही मुझे सही दिशा दिखाते हैं और आगे बढ़ने की शक्ति देते हैं।"

    'बाबा विश्वनाथ मेरे लिए गुरु से बढ़कर हैं'

    दर्शन के बाद अक्षरा सिंह भावुक दिखाई दीं। उन्होंने अपनी आध्यात्मिक अनुभूति साझा करते हुए कहा कि कुछ एहसास ऐसे होते हैं जिन्हें शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं होता।

    उन्होंने कहा, "कुछ अनुभूतियां शब्दों से नहीं, केवल हृदय से महसूस की जाती हैं। बाबा के दरबार में आकर मन को अद्भुत शांति मिलती है। उनकी कृपा का वर्णन शब्दों में नहीं किया जा सकता। गुरु पूर्णिमा से पहले अपने सबसे बड़े गुरु का आशीर्वाद पाकर मैं स्वयं को धन्य महसूस कर रही हूं। बाबा विश्वनाथ मेरे लिए गुरु से भी बढ़कर हैं।"

    अक्षरा सिंह के इस आध्यात्मिक संदेश और काशी विश्वनाथ धाम में उनके दर्शन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं। उनके प्रशंसक इस श्रद्धा और आस्था की जमकर सराहना कर रहे हैं।



    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad