• Breaking News

    CM योगी के वाराणसी आगमन से पहले सुरक्षा के कड़े इंतजाम, संत रविदास मंदिर से VIP रूट तक रहेगा हाई सिक्योरिटी जोन

    वाराणसी :-
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर कमिश्नरेट पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। दौरे के मद्देनजर पूरे कार्यक्रम स्थल और वीआईपी रूट को हाई सिक्योरिटी जोन में तब्दील किया जा रहा है। अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
    पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने संत रविदास मंदिर, सीरगोवर्धन पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा से जुड़े सभी बिंदुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
    निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम स्थल के सभी प्रवेश द्वारों पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) और बैगेज स्कैनर लगाए जाएं। प्रत्येक आगंतुक की गहन जांच और फ्रिस्किंग के बाद ही प्रवेश की अनुमति होगी। महिला श्रद्धालुओं और आगंतुकों के लिए अलग से प्रवेश और बैठने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

    मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल और पूरे वीआईपी रूट पर सुरक्षा एजेंसियां ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखेंगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा होटल, धर्मशालाओं, गेस्ट हाउस और अन्य ठहराव स्थलों की सघन चेकिंग के साथ वहां ठहरे लोगों का सत्यापन भी कराया जाएगा।

    पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों और महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही रूफटॉप ड्यूटी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, भीड़ नियंत्रण के लिए लाउड हेलर और बैरिकेडिंग का प्रभावी उपयोग तथा वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की तैयारी करने को कहा।
    निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार यादव समेत कमिश्नरेट वाराणसी और आसपास के जनपदों के राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad