• Breaking News

    वाराणसी: प्रेमिका के साथ पार्लर में मिले पति पर पत्नी का हंगामा, मारपीट का आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच

    वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब एक महिला ने अपने पति को कथित तौर पर दूसरी महिला के साथ एक ब्यूटी पार्लर में देख लिया। इसके बाद मौके पर जमकर कहासुनी और हंगामा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और पति को पूछताछ के लिए थाने ले गई। मामले में पत्नी ने मारपीट और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
    पीड़िता चिरईगांव क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव की रहने वाली है। महिला के अनुसार, सोमवार शाम वह अपनी बहन की बेटी के साथ लालपुर स्थित एक ब्यूटी पार्लर गई थी। वहां उसने अपने पति को एक महिला के साथ देखा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

    महिला का आरोप है कि विरोध करने पर उसके पति और साथ मौजूद महिला ने उसके साथ मारपीट की। विवाद बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और पति को थाने ले गई।

    महिला ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि थाने जाते समय रास्ते में उसके ससुराल पक्ष के लोग पहुंच गए और उन्होंने पति का पक्ष लेते हुए उसके साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट की। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।

    पीड़िता का कहना है कि विवाह के बाद से ही उसे ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा है और इस घटना में भी परिवार के लोगों ने उसका साथ देने के बजाय उसके साथ दुर्व्यवहार किया।

    लालपुर-पांडेयपुर पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad