वाराणसी: स्कूल बस पर गिरे हाईटेंशन बिजली के दो खंभे, बड़ा हादसा टला; सभी बच्चे सुरक्षित
वाराणसी :- शिवपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर इलाके में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्कूल से बच्चों को घर छोड़ने जा रही दिल्ली पब्लिक स्कूल की बस पर अचानक हाईटेंशन लाइन के दो बिजली के खंभे गिर पड़े। गनीमत रही कि समय रहते सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे की है। गिलट बाजार की ओर से आ रही स्कूल बस जब लक्ष्मणपुर क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी सड़क किनारे लगे हाईटेंशन लाइन के दो खंभे अचानक बस पर गिर पड़े। बस में कई स्कूली बच्चे सवार थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और बच्चों को सुरक्षित बस से बाहर निकालकर उनके परिजनों तक पहुंचाया।
बस चालक ने बताया कि घटना के समय बस में कई बच्चे मौजूद थे। हादसे के बाद बच्चे घबरा गए, लेकिन सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया। इस घटना से अभिभावकों में भी दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक यह संयोग ही था कि घटना से करीब दो घंटे पहले ट्रांसफार्मर के नीचे करंट लगने से एक गाय की मौत हो गई थी, जिसके बाद लोगों ने बिजली विभाग को सूचना देकर इलाके की विद्युत आपूर्ति बंद करवा दी थी। यदि उस समय बिजली चालू रहती तो यह हादसा कहीं अधिक भयावह हो सकता था।घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर वार्ड के पार्षद संदीप रघुवंशी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों और पुलिस को तत्काल सूचना देकर मौके पर बुलाया। पार्षद ने आरोप लगाया कि सड़क किनारे लगे दो खंभों में एक हाईटेंशन लाइन का था, जबकि दूसरा जर्जर पोल था, जिस पर पास के मोबाइल टावर के केबल का भार भी था। इसी लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ।
स्थानीय निवासी लक्ष्मण कनौजिया ने बताया कि संबंधित पोल कई दिनों से जर्जर हालत में था और सोमवार दोपहर से ही सड़क की ओर झुक गया था। इसकी तस्वीरें खींचकर बिजली विभाग के अधिकारियों को पहले ही भेजी गई थीं, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जर्जर खंभों और तारों की शिकायतें लंबे समय से की जा रही थीं, लेकिन विभाग ने गंभीरता नहीं दिखाई। लोगों ने मांग की है कि पूरे क्षेत्र में जर्जर बिजली खंभों और तारों का तत्काल सर्वे कर उन्हें बदला जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।


No comments