वाराणसी :- ध्वस्तीकरण के दौरान मलबा गिरने से घायल दुकानदार की मौत, दालमंडी हादसे से मचा हड़कंप
वाराणसी :- दालमंडी सड़क चौड़ीकरण और ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान मंगलवार को हुए हादसे में घायल हुए दुकानदार की देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान परवेज खान (45) के रूप में हुई है, जो देवली गली मोड़ पर बैग की दुकान चलाते थे। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
ध्वस्तीकरण के दौरान ऊपर से गिरा मलबा
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे परवेज खान मरियम अस्पताल वाली गली से देवली गली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ध्वस्तीकरण कार्य चल रहे एक भवन से मलबे का बड़ा हिस्सा और पत्थर की पटिया अचानक नीचे आ गिरी, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में जांच के बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी और हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। देर रात करीब 9:45 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया।
चार दशक पुरानी थी बैग की दुकान
परवेज खान दालमंडी क्षेत्र में पिछले करीब 40 वर्षों से बैग का कारोबार कर रहे थे। उनकी दुकान देवली गली मोड़ पर स्थित है और वह इलाके के पुराने कारोबारियों में गिने जाते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार और स्थानीय व्यापारियों में शोक की लहर दौड़ गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद ध्वस्तीकरण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण और ध्वस्तीकरण के दौरान राहगीरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।



No comments