• Breaking News

    पेपर लीक के विरोध में वाराणसी में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, राजघाट पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री का प्रतीकात्मक 'पिंडदान'

    वाराणसी :-
    देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की घटनाओं और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में यूथ कांग्रेस ने वाराणसी के राजघाट (भैंसासुर घाट) पर गुरुवार शाम अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का प्रतीकात्मक 'पिंडदान' कर उनके इस्तीफे की मांग उठाई।

    प्रदर्शन का नेतृत्व इंडियन यूथ कांग्रेस के उत्तर प्रदेश महासचिव एवं संगठन प्रभारी अनुपम राय ने किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है और छात्र खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

    अनुपम राय ने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में अनेक प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं, लेकिन सरकार प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज़ लगातार उठने के बावजूद सरकार संवेदनशीलता नहीं दिखा रही है। इसी के विरोध में प्रतीकात्मक रूप से शिक्षा मंत्री का पिंडदान कर उन्हें "सद्बुद्धि" मिलने की प्रार्थना की गई।

    प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के नाम एक प्रतीकात्मक इस्तीफा पत्र भी सार्वजनिक किया। अनुपम राय ने व्यंग्यात्मक अंदाज़ में कहा कि मंत्री का काम आसान करने के लिए इस्तीफा पहले से तैयार कर दिया गया है और अब उन्हें केवल उस पर हस्ताक्षर करने की आवश्यकता है।

    युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, पेपर लीक पर रोक और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। उनका कहना था कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है, जिसके खिलाफ संगठन सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करेगा।

    इस अवसर पर राकेश पाण्डेय, धीरज सिंह, शिवम दुबे, दुर्गा साहनी, पांचू साहनी, आयुष सिंह सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad