• Breaking News

    थाने में महिला फरियादी को थप्पड़, वायरल वीडियो के बाद डीसीपी का बड़ा एक्शन; दरोगा निलंबित

    वाराणसी के चौबेपुर थाने में तैनात एक महिला उपनिरीक्षक का महिला फरियादी के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। वीडियो सामने आते ही मामले ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद डीसीपी वरुणा ने संबंधित महिला उपनिरीक्षक रोशनी सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
    जानकारी के अनुसार, मामला चौबेपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर कला ग्राम पंचायत के परानापुर गांव का है, जहां आबादी की जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी विवाद के संबंध में दोनों पक्ष शुक्रवार को चौबेपुर थाने पहुंचे थे।

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थाने में मौजूद महिला गीता और महिला उपनिरीक्षक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और महिला उपनिरीक्षक ने गीता को कई थप्पड़ जड़ दिए। घटना का वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

    वहीं, एक अन्य पक्ष का कहना है कि गीता के पति को पुलिस पूछताछ के लिए थाने लाई थी। इसकी सूचना मिलने पर गीता थाने पहुंची और पति को बुलाने का कारण पूछने लगी। इसी दौरान पुलिस और महिला के बीच बहस हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई।

    वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग हरकत में आया। डीसीपी वरुणा ने मामले का संज्ञान लेते हुए महिला उपनिरीक्षक को निलंबित कर दिया और पूरे घटनाक्रम की जांच के आदेश दिए हैं।

    चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि विभागीय जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad