दो दिन बाद बरसे बादल, वाराणसी में झमाझम बारिश से मौसम हुआ कूल-कूल, अलर्ट जारी
वाराणसी :- लगातार दो दिनों तक आसमान में बादलों की आवाजाही के बाद शुक्रवार की शाम आखिरकार मौसम ने करवट बदल ली। अचानक शुरू हुई तेज बारिश ने गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से पूरे शहर का मौसम खुशनुमा हो गया और तापमान में भी गिरावट महसूस की गई।
शाम के समय घने बादलों के छाने के बाद कई इलाकों में तेज बारिश हुई। बारिश शुरू होते ही सड़कें सूनी नजर आने लगीं, जबकि कई लोग मौसम का आनंद लेने के लिए घरों से बाहर निकल पड़े। बच्चों ने बारिश में भीगकर खुशी जताई और लंबे समय से गर्मी झेल रहे लोगों ने राहत की सांस ली।
शहर के लहरतारा, कैंट, सिगरा, महमूरगंज, भेलूपुर, लंका, बीएलडब्ल्यू, फुलवरिया समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। वहीं सेवापुरी, रोहनिया, चिरईगांव, पिंडरा, हरहुआ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश से खेतों को पर्याप्त नमी मिली। किसानों का कहना है कि यह बारिश खरीफ सीजन की फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी।
हाल के दिनों में गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच लोग मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने का इंतजार कर रहे थे। शुक्रवार की बारिश के बाद माना जा रहा है कि अब जिले में मानसूनी गतिविधियां तेज हो सकती हैं। मौसम में आई ठंडक ने लोगों को चिपचिपी उमस से भी राहत दिलाई।
हालांकि तेज बारिश के चलते शहर के कुछ निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर जलभराव की स्थिति भी बन गई, जिससे यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। इसके बावजूद अधिकांश लोगों ने इस बारिश का स्वागत किया और इसे राहत भरी बरसात बताया।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और कमी आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से लगातार राहत मिलने की उम्मीद है।

No comments