• Breaking News

    बनारस में छात्र-छात्राओ का जोरदार प्रदर्शन, जंतर-मंतर की गूंज पहुंची पीएम के संसदीय क्षेत्र तक....

    • बीएचयू में 2500 छात्र-छात्राओं और 200 पुलिस-गार्डों के बीच धक्कामुक्की, वाहनों पर चढ़कर लहराए पोस्टर
    वाराणसी :- पेपर लीक के विरोध, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और सोनम वांगचुक के समर्थन में बीएचयू में न्याय मार्च निकाल रहे 2500 से ज्यादा युवाओं और 200 सुरक्षाकर्मियों-पुलिस के बीच तीखी झड़प और धक्कामुक्की हो गई। तीन महीने बीएचयू में इस तरह का प्रदर्शन हुआ। इसमें 500 से ज्यादा लड़कियां भी शामिल थीं। आंदोलनकारी छात्र पुलिस और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के वाहनों पर चढ़कर और चौराहों के गोलंबर पर खड़े होकर पोस्टर लहराते हुए नारेबाजी करने लगे।
    तिरंगा झंडा लिए मार्च कर रहे छात्र धक्कामुक्की के दौरान सड़कों पर गिर गए। पुलिस बल और प्रॉक्टोरियल के हाथ-पांव फूल गए। छात्रों की भीड़ को देखकर कैंपस के अंदर और लंका गेट पर भारी जम लग गया। कई एंबुलेंस काफी देर तक सायरन बजाती रह गईं। मरीज भी अपने निजी वाहनों को लेकर इंतजार करते रहे। करीब दो घंटे के बाद स्थिति काबू में आ सकी।
    पेपर लीक और सोनम वांगचुक के समर्थन में विश्वनाथ परिसर से लेकर महिला महाविद्यालय तक तीन किलोमीटर लंबा छात्र न्याय मार्च निकाला गया। कुलपति आवास से होते हुए छात्र जैसे ही आईएमएस बीएचयू के गेट पहुंचे तो सुरक्षाकर्मियों ने रोकने का प्रयास शुरू कर दिया। इस दौरान एमएमवी तक पहुंचते ही विद्यार्थियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच जमकर खींचतान मच गई। एक दूसरे को धक्का देने के साथ ही बहसबाजी हुई। इस दौरान कई पुराने आंदोलनकारी भी इस मुहिम में शामिल होकर खुद को नेतृत्वकर्ता साबित करने की होड़ में लगे रहे।
    लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि सभी विद्यार्थी जहां से आए थे वहीं चले गए। विवि प्रशासन बताएगा कि ये बाहरी थे या कैंपस के। किसी तरह का बल प्रयोग नहीं हुआ। विवि चिह्नित करता है तो कार्रवाई की जाएगी।
    50 से ज्यादा को आईं चोटें
    प्रदर्शन के दौरान भीड़ बेकाबू होने से 50 से ज्यादा छात्र-छात्राओं और सुरक्षाकर्मियों को चोटें भी आईं। प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों और पुलिस को इतने बड़े विरोध प्रदर्शन की आशंका नहीं थी। बीएचयू के पुराने छात्रों ने बताया कि कई ऐसे स्लोगन लिखे गए थे जो इससे पहले बीएचयू में कम ही देखे गए थे।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad