• Breaking News

    मंडलीय समीक्षा बैठक: विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई के आदेश

    कमिश्नर एस. राजलिंगम बोले— पात्र लाभार्थियों तक समय पर पहुंचे योजनाओं का लाभ, आईजीआरएस शिकायतों का हो गुणवत्तापूर्ण निस्तारण...

    वाराणसी, 17 जुलाई 2026 :- मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल के चारों जनपदों में संचालित विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित हो, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर पहुंच सके।

    बैठक में राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पेयजल, विद्युत, लोक निर्माण, ग्रामीण एवं शहरी विकास समेत कई विभागों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनशिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

    जननी सुरक्षा योजना में लापरवाही पर वेतन रोकने के निर्देश

    जननी सुरक्षा योजना के भुगतान में आ रही समस्याओं पर नाराजगी जताते हुए मंडलायुक्त ने अपर निदेशक स्वास्थ्य को प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। साथ ही कार्यों में लापरवाही बरतने पर एक दिन का वेतन रोकने की कार्रवाई करने को कहा। सभी जिलाधिकारियों और मुख्य विकास अधिकारियों को भी सीएमओ स्तर पर योजना की नियमित समीक्षा कर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

    नमामि गंगे और फैमिली आईडी में तेजी लाने पर जोर

    नमामि गंगे योजना में पिछले महीने अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और जल निगम (ग्रामीण) को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जीरो पॉवर्टी श्रेणी के लाभार्थियों को शीघ्र कनेक्शन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

    फैमिली आईडी योजना की धीमी प्रगति पर सभी मुख्य विकास अधिकारियों को अभियान चलाकर कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से जौनपुर को लक्ष्य के अनुरूप प्रगति में सुधार करने को कहा गया।

    आईसीडीएस, शिक्षा और सड़क निर्माण की हुई समीक्षा

    आईसीडीएस योजनाओं में पोषण ट्रैकर पर सही आंकड़े दर्ज करने, विद्यालयों की जर्जर इमारतों की मरम्मत, स्कूल परिसरों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों की समस्या दूर करने तथा कुपोषण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। वहीं लोक निर्माण विभाग को नई सड़कों के निर्माण में तेजी लाने को कहा गया।

    जौनपुर और गाजीपुर की रैंकिंग सुधारने के निर्देश

    समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान पारिवारिक लाभ योजना और सामूहिक विवाह योजना में जौनपुर की खराब रैंकिंग पर चिंता जताई गई। जिलाधिकारी जौनपुर को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

    पीएमजीएसवाई योजना में गाजीपुर की खराब रैंकिंग पर जिलाधिकारी गाजीपुर ने संबंधित फर्म के खिलाफ कार्रवाई और एसआईटी जांच की जानकारी दी। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना में भी गाजीपुर को विशेष अभियान चलाकर प्रगति तेज करने के निर्देश दिए गए।

    पौधरोपण, अभ्युदय योजना और आईजीआरएस पर विशेष फोकस

    बैठक में पौधरोपण अभियान की जियोटैगिंग, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के समयबद्ध संचालन, दिव्यांगजन को उपकरण वितरण, सांसद एवं विधायक निधि के कार्यों तथा 'ड्रॉप मोर क्रॉप' योजना की भी समीक्षा की गई।

    मंडलायुक्त ने आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों से कहा कि शिकायतकर्ताओं को रैंडम फोन कर फीडबैक लिया जाए। विभागीय कार्यों की सही जानकारी उपलब्ध न कराने और आईजीआरएस मामलों में संतोषजनक कार्य न होने पर डीडी पंचायत का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए।

    बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, डीएफओ निधि चौहान सहित मंडल स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि गाजीपुर, जौनपुर और चंदौली के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad