वाराणसी पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रिजर्व पुलिस लाइन का किया निरीक्षण, विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए अहम निर्देश
वाराणसी :- पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन का व्यापक निरीक्षण कर वहां संचालित विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वच्छता, अनुशासन, अनुरक्षण, सुरक्षा मानकों और संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस आयुक्त ने बताया कि शासन से प्रभावी पैरवी के बाद कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है। इनमें पुलिस लाइन के सामने पूर्व मोटर ट्रांसपोर्ट (एमटी) की भूमि पर लगभग 64 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित नए कमिश्नरेट भवन का निर्माण, अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था), अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) समेत अन्य राजपत्रित अधिकारियों के लिए 32 आवासीय भवन (34 करोड़ रुपये), वीआईपी ड्यूटी पर आने वाले राजपत्रित अधिकारियों के लिए 6 कमरों वाले ट्रांजिट हॉस्टल तथा उपनिरीक्षक रैंक के कर्मचारियों के लिए टाइप-02 आवासीय भवनों का निर्माण शामिल है, जिनमें लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने पुलिस लाइन में पहले से निर्मित मीटिंग हॉल, 100 कर्मियों की क्षमता वाले बैरक, 500 कर्मियों की ब्रीफिंग के लिए सभागार और बैडमिंटन कोर्ट के जीर्णोद्धार कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने पुलिस लाइन स्थित सरोवर के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने तथा क्रिकेट ग्राउंड में फ्लड लाइट लगाने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पुलिस मेस में कर्मचारियों की सुविधा के लिए ऑटोमैटिक रोटी मेकिंग प्लांट स्थापित करने पर भी जोर दिया।
भ्रमण के दौरान रेडियो शाखा परिसर में गंदगी मिलने पर पुलिस आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित प्रभारी को तत्काल सफाई सुनिश्चित करने और भविष्य में परिसर को हमेशा स्वच्छ रखने की कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने पुलिस लाइन के सभी आंतरिक मार्गों और प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश भी दिए।
पुलिस आयुक्त ने चिल्ड्रेन पार्क, परेड ग्राउंड, आदर्श बैरक और आरओ प्लांट का निरीक्षण कर साफ-सफाई, नियमित अनुरक्षण और बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा। वहीं निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने, सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त लाइन प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त लाइन वैभव बांगर, सहायक पुलिस आयुक्त लाइन गौरव कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


No comments