• Breaking News

    श्रावण और कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस की तैयारी तेज, व्यापारियों के साथ बैठक में डीसीपी गोमती जोन ने जारी किए अहम निर्देश

    वाराणसी :-
    श्रावण मास और कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) गोमती जोन ने व्यापारियों, होटल एवं ढाबा संचालकों तथा व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
    बैठक में अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन, एसीपी पिंडरा एवं राजातालाब के साथ बड़ागांव, राजातालाब, मिर्जामुराद, फूलपुर और जंसा थाना प्रभारियों ने भी भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य कांवड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, यातायात व्यवस्था सुचारु रखना और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना रहा।

    बैठक में डीसीपी ने सभी ढाबा और होटल संचालकों को निर्देश दिया कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर स्वच्छ पेयजल, बिजली, साफ-सफाई तथा खाद्य सामग्री की निर्धारित रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। खासकर काशी ढाबा समेत सभी प्रमुख ढाबों पर कांवड़ यात्रियों के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया।

    पुलिस ने स्पष्ट किया कि मुख्य कांवड़ मार्ग पर मीट और मछली की दुकानें संचालित नहीं होंगी। ऐसी दुकानें मुख्य मार्ग से लगभग 200 मीटर दूर या गांव के अंदर ही संचालित की जाएंगी, ताकि धार्मिक यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

    सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह चालू रखने और जहां कैमरे नहीं हैं, वहां शीघ्र सीसीटीवी लगाने की अपील की गई। वहीं डीजे संचालकों को ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का सख्ती से पालन करने और अपने चालक का नाम व मोबाइल नंबर संबंधित थाने में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

    बैठक में हनुमान मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर (मिर्जामुराद) सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर बैरिकेडिंग, पेयजल, बिजली और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। चौकी कछवा, बाबतपुर और हरहुआ क्षेत्र में मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा हरहुआ चौराहा, बाबतपुर, पंचकोशी मार्ग, सिंधोरा चौराहा और अन्य प्रमुख स्थानों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने एवं नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

    इसके अलावा थाना जंसा क्षेत्र स्थित रामेश्वर धाम में पिछले वर्ष की तरह अस्थायी पुलिस चौकी, गोताखोर, मेडिकल टीम, पेयजल, स्वच्छता, बिजली और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

    बैठक के अंत में डीसीपी गोमती जोन ने सभी व्यापारियों से पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने और उनकी नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad