• Breaking News

    रथयात्रा मेले की सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने राजातालाब पहुंचे अपर पुलिस आयुक्त, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

    वाराणसी :- रथयात्रा मेला-2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कमिश्नरेट वाराणसी के अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने शुक्रवार को राजातालाब क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने मेला परिसर, शोभायात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों, पार्किंग स्थलों, बैरिकेडिंग, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
    निरीक्षण के दौरान उनके साथ अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन, सहायक पुलिस आयुक्त राजातालाब, संबंधित थाना प्रभारी और पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ नियंत्रण, वैकल्पिक मार्गों, पार्किंग व्यवस्था और यातायात संचालन की तैयारियों का भी निरीक्षण किया।
    अपर पुलिस आयुक्त ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कहा कि मेला अवधि में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता के साथ मौजूद रहें और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें।

    निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली, अग्निशमन एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। साथ ही पैदल मार्गों, प्रवेश और निकास द्वारों तथा प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण किया गया।

    यातायात व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए। कहा गया कि डायवर्जन योजना का प्रभावी ढंग से पालन कराया जाए, पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे और मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बनने दी जाए।

    महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती, एंटी रोमियो टीम की सक्रिय गश्त तथा संदिग्ध व्यक्तियों और लावारिस वस्तुओं पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर नजर रखते हुए तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

    अपर पुलिस आयुक्त ने सभी थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने, सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और मेला सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।

    निरीक्षण के बाद अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के हर पहलू पर सतत निगरानी रखने पर जोर दिया गया।

    पुलिस की अपील

    कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मेला के दौरान जारी यातायात और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस, डायल-112 या कंट्रोल रूम को दें। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad