प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेस ने मनाई खुशी, अजय राय ने नीट छात्रों संग बांटी मिठाई, बोले- अब धर्मेंद्र पूरे कार्यकाल की हो जांच
'छात्रों की आवाज को कांग्रेस ने हर मंच पर उठाया'
अजय राय ने कहा कि नीट परीक्षा और पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस शुरू से छात्रों के साथ खड़ी रही। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संसद से लेकर सड़क तक लगातार छात्रों की आवाज उठाई। उनके अनुसार छात्रों के आंदोलन और विपक्ष के दबाव के बाद केंद्र सरकार को शिक्षा मंत्री का इस्तीफा स्वीकार करना पड़ा।
आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस के इस्तेमाल से कई छात्र घायल हुए। कांग्रेस ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया।
राहुल-प्रियंका समेत कांग्रेस नेताओं का किया जिक्र
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं ने भी छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान कांग्रेस नेताओं के साथ भी पुलिस का रवैया उचित नहीं था।
पेपर लीक की निष्पक्ष जांच और पीएम से माफी की मांग
अजय राय ने कहा कि केवल शिक्षा मंत्री का इस्तीफा पर्याप्त नहीं है। उन्होंने पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पूरे प्रकरण की जवाबदेही तय करने की मांग की। साथ ही प्रधानमंत्री से छात्रों और युवाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि जब तक छात्रों की मांगें पूरी नहीं होतीं, कांग्रेस उनका समर्थन जारी रखेगी।

No comments