वाराणसी में एंटी रोमियो टीम की बड़ी कार्रवाई: पुरुषों से अभद्रता करने के आरोप में दो महिलाएं गिरफ्तार, BNS के तहत केस दर्ज
वाराणसी :- कमिश्नरेट पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर अभद्र व्यवहार और राहगीरों को परेशान करने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 के तहत सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पिलर संख्या 57 से 60 के बीच कुछ महिलाएं राहगीरों को अशोभनीय इशारे और टिप्पणियां कर परेशान कर रही हैं। शिकायतों के सत्यापन के बाद एंटी रोमियो टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान जीविका (बदला हुआ नाम, 42 वर्ष) और रुबिया (बदला हुआ नाम, 28 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के नाम गोपनीय रखते हुए उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों पर सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकतें करने और आम लोगों को असुविधा पहुंचाने का आरोप है। इसी आधार पर सिगरा थाने में BNS की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व एंटी रोमियो टीम की प्रभारी उपनिरीक्षक काजोल सिंह ने किया। उनके साथ महिला कांस्टेबल ऋतम्भरा यादव, महिला कांस्टेबल छाया, महिला कांस्टेबल मंदाकिनी तथा कांस्टेबल अभिषेक शर्मा भी मौजूद रहे।
एसीपी चेतगंज सौरभ कुमार ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी व्यक्ति—चाहे वह महिला हो या पुरुष—द्वारा अभद्रता, अश्लील हरकत या राहगीरों को परेशान करने की शिकायत मिलने पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि शहर में चलाया जा रहा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि आम नागरिक सुरक्षित माहौल में आवागमन कर सकें।

No comments