• Breaking News

    वाराणसी में गंगा किनारे तीन दिवसीय एयर शो, अंतिम दिन पीएम मोदी होंगे शामिल; नाव संचालन और राजघाट पुल रहेगा बंद

    वाराणसी :- भारतीय वायुसेना के स्थापना दिवस के अवसर पर वाराणसी में 22, 23 और 25 अक्तूबर को भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा। गंगा के ऊपर नमो घाट से अस्सी घाट तक होने वाले इस आयोजन में 100 से अधिक लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर अपनी हवाई कलाबाजियां दिखाएंगे। कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना है।

    एयर शो की तैयारियों को लेकर गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में एयरफोर्स, जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।

    नमो घाट रहेगा आयोजन का मुख्य केंद्र

    एयर शो का मुख्य मंच नमो घाट होगा। यहीं से पूरे कार्यक्रम का संचालन, लाइव प्रसारण और एयर ट्रैफिक की निगरानी की जाएगी। इसके चलते 16 अक्तूबर से नमो घाट आम लोगों के लिए बंद कर दिया जाएगा और पूरा क्षेत्र भारतीय वायुसेना के नियंत्रण में रहेगा।

    गंगा के ऊपर दिखेगा हवाई रोमांच

    तीनों दिन दोपहर करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच एयर शो आयोजित होगा। इस दौरान एक समय में तीन से पांच विमान और हेलीकॉप्टर गंगा के ऊपर करतब दिखाएंगे। प्रदर्शन में आधुनिक लड़ाकू विमानों के साथ कुछ ऐतिहासिक एयरक्राफ्ट भी शामिल किए जा सकते हैं। विमानों का संचालन लखनऊ, प्रयागराज, गाजियाबाद, वाराणसी, गाजीपुर, आजमगढ़, बिहार और झारखंड के विभिन्न एयरबेस से किया जाएगा।

    राजघाट पुल और नाव संचालन पर रहेगा प्रतिबंध

    एयर शो के दौरान सुरक्षा कारणों से राजघाट पुल पर सड़क और रेल यातायात निर्धारित समय के लिए रोका जाएगा। साथ ही गंगा में नावों का संचालन भी पूरी तरह बंद रहेगा। घाटों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस, अर्द्धसैनिक बल और अन्य एजेंसियों की तैनाती की जाएगी। पूरे नदी तट पर बैरिकेडिंग कर भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था रहेगी।

    लाखों लोगों के पहुंचने की उम्मीद

    प्रशासन का अनुमान है कि तीन दिवसीय आयोजन में 15 से 25 लाख लोगों की भीड़ उमड़ सकती है। वहीं करीब 5,000 वीआईपी, विशिष्ट अतिथि और देश-विदेश से आने वाले पर्यटक भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। उनके आवागमन, सुरक्षा, ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। भीड़ प्रबंधन के लिए चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर से भी पुलिस बल और प्रशासनिक सहयोग लिया जाएगा।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad