चंदौली में मंदिर हटाने के दौरान बड़ा हादसा, शिखर गिरने से पीडब्ल्यूडी कर्मी की मौत
चंदौली :- दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत एक पुराने काली मंदिर को हटाने के दौरान शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बीच मंदिर का ऊपरी शिखर अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ध्वस्तीकरण के दौरान बुलडोजर मंदिर के ऊपरी हिस्से को हटाने का कार्य कर रहा था। इसी बीच भारी शिखर अचानक टूटकर नीचे गिरा। बताया जा रहा है कि शिखर पहले बुलडोजर से टकराया और फिर दिशा बदलते हुए वहां मौजूद लोगों की ओर जा गिरा। मलबे की चपेट में आने से पीडब्ल्यूडी कर्मचारी बलदेव यादव (59) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, एक स्थानीय व्यक्ति भी घायल हुआ है, जिसका उपचार जारी है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव टीम ने तुरंत अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला। एहतियात के तौर पर ध्वस्तीकरण का कार्य कुछ समय के लिए रोक दिया गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, मुगलसराय रेलवे स्टेशन के सामने स्थित वर्षों पुराने काली मंदिर का भवन सड़क चौड़ीकरण परियोजना की जद में था। स्थानीय लोगों और प्रशासन की सहमति से पहले सुभाष पार्क परिसर में नया मंदिर बनवाया गया, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ मां काली की प्रतिमा स्थापित की गई। इसके बाद पुराने मंदिर को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी।
फिलहाल प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही ध्वस्तीकरण के दौरान अपनाई गई सुरक्षा व्यवस्थाओं और मानकों की भी समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

No comments