कैंट स्टेशन के आसपास पुलिस का विशेष अभियान, संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पांच महिलाएं हिरासत में
वाराणसी :- कैंट रेलवे स्टेशन और उसके आसपास यात्रियों की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शनिवार को सिगरा थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान यात्रियों को परेशान करने और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप में पांच महिलाओं को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू की गई। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा के निर्देशन तथा रोडवेज चौकी प्रभारी विकास सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कैंट रेलवे स्टेशन, रोडवेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी गई और शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच महिलाओं को हिरासत में लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कैंट रेलवे स्टेशन पूर्वांचल के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में से एक है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री देश-विदेश से आते-जाते हैं। ऐसे में स्टेशन परिसर में सुरक्षा, शांति और सुव्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।
सिगरा पुलिस ने बताया कि स्टेशन परिसर में यात्रियों से जबरन संपर्क करना, उन्हें परेशान करना या किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा अव्यवस्थित गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी उद्देश्य से समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि स्टेशन परिसर या आसपास किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे या कोई व्यक्ति उन्हें परेशान करे, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन या निकटतम पुलिसकर्मी को दें। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

No comments