वाराणसी में निवेश योजना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर क्राइम टीम ने कार्यक्रम रुकवाया, कंपनी प्रतिनिधि मौके से गायब
वाराणसी :- शहर के नागरी नाटक मंडली में रविवार को आयोजित होने जा रहे एक निजी कंपनी के निवेश कार्यक्रम पर कमिश्नरेट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे बीच में ही रुकवा दिया। आर्थिक धोखाधड़ी की शिकायत मिलने के बाद एसीपी साइबर क्राइम विदुष सक्सेना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के पहुंचते ही कंपनी से जुड़े कई लोग वहां से निकल गए।पुलिस को मिली शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मेडलियन ज्वेलर्स प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी ने गोल्ड, कैशबैक और नेटवर्क मार्केटिंग के जरिए लोगों को निवेश के लिए आकर्षित किया। कंपनी पर आरोप है कि उसने तय अवधि में रकम दोगुनी करने, सोना देने और अन्य आकर्षक लाभ का वादा कर बड़ी संख्या में लोगों से करोड़ों रुपये का निवेश कराया, लेकिन बाद में न तो वादे पूरे किए और न ही निवेशकों को उनका पैसा वापस मिला।पीड़ितों का कहना है कि शुरुआत में कुछ लोगों को भुगतान कर कंपनी ने भरोसा बनाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने निवेश किया। बाद में भुगतान पूरी तरह बंद हो गया। कई निवेशकों का आरोप है कि वर्षों बीत जाने के बावजूद उन्हें न रकम वापस मिली और न ही योजनाओं के तहत मिलने वाले लाभ।
शिकायतकर्ता भगवान सिंह राठौर ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2023 में कंपनी की योजनाओं में निवेश किया था और अपने माध्यम से कई अन्य लोगों को भी जोड़ा। उनका दावा है कि उनकी टीम का करीब 90 लाख रुपये और लगभग 300 ग्राम सोना कंपनी पर बकाया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी ने कई मामलों में जीएसटी बिल जारी नहीं किए और टीडीएस कटौती के बावजूद उसका भुगतान संबंधित विभाग में नहीं किया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार्यक्रम को रुकवा दिया और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस कंपनी के दस्तावेज, निवेश योजनाओं और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कमिश्नरेट पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में धन लगाने से पहले उसकी वैधता, पंजीकरण और विश्वसनीयता की पूरी जांच करें। यदि किसी योजना पर संदेह हो तो तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को इसकी सूचना दें।


No comments