वाराणसी के बड़ागांव में भीषण हादसा, सब्जी लदी पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की गई जान
वाराणसी :- थाना बड़ागांव क्षेत्र के गजापुर गांव के पास रविवार सुबह करीब सवा छह बजे सब्जी लदी पिकअप और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गय।
पुलिस के अनुसार शेरवानीपुर निवासी 23 वर्षीय सतीश और पतेर गांव निवासी 25 वर्षीय मूलचंद एक ही टेंट संचालक के यहां काम करते थे। रविवार सुबह दोनों बाइक से कुरु जा रहे थे। इसी दौरान कछवा सब्जी मंडी से सब्जियां लेकर पिंडरा जा रही पिकअप (यूपी 65 पीटी 5501) से गजापुर के पास उनकी आमने-सामने की भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर बहुत भीषण थी। दोनों युवक वाहन में फंस गए और कुछ दूरी तक घिसटते चले गए। ग्रामीणों के शोर मचाने पर चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची बड़ागांव पुलिस दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में दुर्घटना में शामिल वाहन चालक को हिरासत में ले लिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों युवक घनिष्ठ मित्र थे। सतीश रविवार सुबह अपनी बाइक से पतेर पहुंचा था और वहां से मूलचंद को लेकर काम पर जा रहा था।
सगाई की खुशियां मातम में बदलीं : हादसे ने मूलचंद के परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। रविवार को उसकी सबसे छोटी बहन सुमन की सगाई होनी थी। घर में मेहमानों के स्वागत और पकवान बनाने की तैयारियां चल रही थीं, तभी बेटे की मौत की खबर पहुंच गई और पूरा परिवार गम में डूब गया। मूलचंद विवाहित था।
उसके परिवार में पत्नी मुस्कान, एक वर्ष का पुत्र तथा पिता चन्द्रभान हैं, जो ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। वहीं सतीश अविवाहित था और तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता जगरनाथ गांव में ही काम करते हैं। दोनों दोस्तों की एक साथ असमय मौत से पतेर और शेरवानीपुर गांव में मातम पसरा है।
मृतक सतीश के पिता जगरनाथ ने बताया कि बेटा मेरा गाड़ी चलता है लेकिन खाली समय में टेन्ट का काम भी करता था। वहीं ग्राम प्रधान नागेंद्र ने बताया कि मृतक सतीश हमारी ग्राम सभा का था। बीती शाम को सतीश पास आया और अपना बीमा कराने के लिए सभी फार्म भर कर घर गया और कहा सुबह आठ हजार रुपए लेकर आऊंगा लेकिन आज सुबह वह तो नही आया लेकिन उसके सड़क हादसे में दु:खद मौत की जानकारी मिली।


No comments