बाढ़ को लेकर मंडलायुक्त सख्त, राहत-बचाव तैयारियों की समीक्षा; अधिकारियों को दिए अलर्ट रहने के निर्देश
संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, राहत सामग्री, नाव, मेडिकल टीम, महिला स्टाफ, पशुओं की सुरक्षा और बाढ़ चौकियों की व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त करने पर जोरवाराणसी, 31 जुलाई :- संभावित बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए मंडलायुक्त एस राजलिंगम की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन एवं बाढ़ तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वाराणसी मंडल के सभी जिलाधिकारियों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
मंडलायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को पूर्ण सतर्कता, बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी, राहत एवं बचाव कार्यों, नावों और राहत सामग्री की उपलब्धता, बाढ़ चौकियों की सक्रियता, तटबंधों की निगरानी तथा आपातकालीन संचार व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि बाढ़ चौकियों पर भोजन, पेयजल, बच्चों के लिए दूध, चना और गुड़ की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही गोवंश एवं अन्य पशुओं की सुरक्षा के लिए पहले से कार्ययोजना तैयार करने, नियमित टीकाकरण, साफ-सफाई, मेडिकल टीम, पुलिस गश्त, लेखपाल एवं महिला स्टाफ की रोस्टरवार तैनाती और पर्याप्त सोलर लाइट की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान वाराणसी, जौनपुर, चंदौली और गाजीपुर के अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों की तैयारियों की जानकारी दी। चंदौली में बाढ़ संभावित गांवों की पहचान कर नावों की व्यवस्था पूरी कर ली गई है, जबकि गाजीपुर में 228 नावों और 1200 लाइफ जैकेट की व्यवस्था के साथ सिंचाई परियोजनाएं भी पूरी कर ली गई हैं।
बैठक के अंत में मंडलायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहानि एवं संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम रखने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के अनुरूप समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

No comments