चोलापुर में युवती से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, विरोध करने पर गला दबाने और जान से मारने की धमकी; केस दर्ज
वाराणसी :- चोलापुर थाना क्षेत्र की मुर्दहा चौकी के अंतर्गत एक गांव में युवती के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़, दुष्कर्म के प्रयास और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला युवक काफी समय से उसे परेशान कर रहा था। वह रास्ते में आते-जाते अशोभनीय हरकतें करता, अभद्र टिप्पणियां करता और विरोध करने पर धमकी देता था। इस बात को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच कई बार विवाद हो चुका था।
शिकायत के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को युवती घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोपी कथित रूप से घर में घुस आया और उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। युवती के विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने कथित रूप से उसका गला दबा दिया। आसपास के लोगों के आने की आहट मिलने पर वह मौके से फरार हो गया। आरोप है कि जाते समय उसने शिकायत करने पर जान से मारने और बदनाम करने की धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़िता ने चोलापुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75(2), 109(1) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments