• Breaking News

    वाराणसी: SBI की बड़ालालपुर शाखा में गार्ड की बंदूक से चली गोली, दो ग्राहक घायल

    वाराणसी :- शहर के बड़ालालपुर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा में गुरुवार दोपहर अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड की बंदूक से निकली गोली बैंक में मौजूद दो ग्राहकों को जा लगी, जिससे दोनों घायल हो गए। घटना के बाद बैंक परिसर में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली लगते ही दोनों युवक दर्द से कराहते हुए जमीन पर गिर पड़े। बैंक कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। घायल युवकों की पहचान अवधेश राजभर और अनुज के रूप में हुई है, जो चोलापुर क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। दोनों का उपचार चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।

    घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा गार्ड रामचंद्र यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। प्रारंभिक पूछताछ में गार्ड ने बताया कि हथियार को एक कंधे से दूसरे कंधे पर बदलने के दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई। उस समय बैंक के एटीएम में नकदी भरी जा रही थी, इसलिए बंदूक लोड थी।

    पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ACP कैंट ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना लापरवाही का मामला प्रतीत हो रही है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad