अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश, म्यूल बैंक खातों के जरिए करते थे करोड़ों की ठगी; पांच गिरफ्तार
वाराणसी :- कमिश्नरेट की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने देशभर में साइबर ठगी को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह गरीब और जरूरतमंद लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर अपराधों में इस्तेमाल करता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंकिंग दस्तावेज, वाहन और नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी म्यूल बैंक खातों और ट्रांजेक्शन एपीके (APK) फाइलों के माध्यम से साइबर ठगी से प्राप्त रकम को विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर नेटवर्क का संचालन करते थे। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह जरूरतमंद लोगों को लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था और फिर एटीएम कार्ड, पासबुक तथा इंटरनेट बैंकिंग की पूरी जानकारी अपने कब्जे में लेकर उन्हीं खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए करता था।
बरामद सामान में शामिल हैं:
- 15 एंड्रॉयड मोबाइल फोन
- 3 आईफोन
- 43 एटीएम कार्ड
- 12 बैंक पासबुक
- 10 चेकबुक
- 11 क्यूआर कोड
- 12 सिम कार्ड
- 1 लैपटॉप
- 1 डायरी
- दो चारपहिया वाहन (महिंद्रा थार और हुंडई आई-20)
- ₹12,060 नकद
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की जांच शुरू कर दी गई है। बरामद बैंक खातों, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है और अब तक कितने साइबर ठगी के मामलों में इनकी संलिप्तता रही है।
साइबर क्राइम थाना पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जांच के आधार पर जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

No comments