• Breaking News

    कांवड़ यात्रा से साइबर क्राइम तक ADG नवीन अरोरा का सख्त संदेश, वाराणसी जोन में 'जीरो टॉलरेंस' नीति लागू

    वाराणसी जोन के नव नियुक्त अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) नवीन अरोरा (IPS) ने बुधवार को पदभार ग्रहण करते ही कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने जोन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर शासन की प्राथमिकताओं से अवगत कराया और आगामी पर्वों के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    बैठक में ADG नवीन अरोरा ने कहा कि श्रावण मास की कांवड़ यात्रा, चेहल्लुम और बारावफात जैसे प्रमुख आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि वाराणसी जोन में गो-तस्करी, साइबर अपराध और अन्य संगठित अपराधों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जाएगी। अपराधियों के विरुद्ध त्वरित, प्रभावी और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

    बैठक के दौरान ADG ने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए महिलाओं से जुड़े मामलों में तत्काल और संवेदनशील कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को जनसुनवाई को प्रभावी बनाने, फरियादियों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा आमजन के साथ बेहतर संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।

    उन्होंने बुजुर्गों एवं पेंशनरों की समस्याओं के त्वरित समाधान के भी निर्देश दिए और कहा कि पुलिस का व्यवहार जनहितकारी एवं संवेदनशील होना चाहिए, ताकि लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।

    पदभार ग्रहण करने के साथ ही ADG नवीन अरोरा के सख्त तेवरों से साफ संकेत मिल गया है कि वाराणसी जोन में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की मजबूती और आमजन की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ काम करेगी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad