• Breaking News

    CBI की कार्रवाई: बनारस रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी के आवास और कार्यालय में जांच, देर शाम तक चली पूछताछ

    वाराणसी :-
    बनारस रेल मंडल में गुरुवार शाम उस समय हलचल मच गई, जब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम ने पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक (Senior DMM) नितेश अग्रवाल के सरकारी आवास और कार्यालय में जांच शुरू की। कार्रवाई की सूचना मिलते ही रेलवे महकमे में चर्चा का माहौल बन गया।

    जानकारी के अनुसार, सीबीआई की टीम सबसे पहले बीएलडब्ल्यू स्थित उनके आवास पहुंची, जहां परिवार के सदस्यों से पूछताछ की गई और कुछ दस्तावेजों की जांच की गई। इसके बाद टीम डीआरएम कार्यालय स्थित उनके कार्यालय पहुंची, जहां देर शाम तक अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ जारी रही।

    बताया जा रहा है कि कार्यालय का निर्धारित समय समाप्त हो जाने के बाद भी वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक सहित कुछ कर्मचारी मौजूद थे। सीबीआई अधिकारियों ने उनसे विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटाई। हालांकि, जांच किस मामले में की जा रही है, इसे लेकर एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

    रेलवे सूत्रों का कहना है कि वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक रेलवे के विभिन्न विभागों के लिए आवश्यक सामग्री की खरीद और आपूर्ति से जुड़े कार्यों की निगरानी करते हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि जांच का संबंध खरीद प्रक्रिया या किसी वित्तीय अनियमितता से हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

    कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों को भी मौके पर तैनात किया गया। वहीं, अधिकारियों के परिजनों और कुछ कर्मचारियों से भी पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है।

    इस पूरे घटनाक्रम पर बनारस रेल मंडल के अधिकारियों की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। डीआरएम आशीष जैन से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। सीबीआई की जांच जारी है और मामले में आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad