रथयात्रा मेले की सुरक्षा व्यवस्था का अपर पुलिस आयुक्त ने लिया जायजा, ड्रोन और CCTV से होगी हर गतिविधि पर नजर
वाराणसी :- रथयात्रा मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और कानून-व्यवस्था को लेकर कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर, सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर गौरव कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध सहित संबंधित अधिकारियों और पुलिस बल के साथ मेला क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, बैरिकेडिंग, पार्किंग, प्रवेश-निकास मार्ग, श्रद्धालुओं की सुविधा और आधुनिक निगरानी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के बाद अपर पुलिस आयुक्त ने आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।उन्होंने कहा कि इस वर्ष रथयात्रा मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और वैज्ञानिक तरीके से व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। दर्शनार्थियों के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग बनाए गए हैं, जबकि महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और बच्चों के साथ आने वाले परिवारों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें बिना किसी परेशानी के दर्शन का अवसर मिल सके।
सुरक्षा व्यवस्था को तकनीक से और मजबूत बनाया गया है। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी टीथर्ड ड्रोन और हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार की जा रही है। सभी कैमरों और ड्रोन की लाइव मॉनिटरिंग के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही मौके पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी बॉडी वॉर्न कैमरा के साथ अपनी ड्यूटी कर रहे हैं, जिससे पुलिस कार्रवाई में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे तथा आवश्यक होने पर रिकॉर्डिंग साक्ष्य के रूप में उपलब्ध हो सके।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉड को लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं चेन स्नैचिंग, जेबकतरी, मोबाइल चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए सादे कपड़ों में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की विशेष टीमें मेला क्षेत्र में तैनात की गई हैं, जो संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार नजर रख रही हैं।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पुलिसकर्मी समय से पहले अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचें और बिना अनुमति ड्यूटी स्थल न छोड़ें। बैरिकेडिंग व्यवस्था पूरी तरह प्रभावी रखी जाए, भीड़ को नियंत्रित तरीके से आगे बढ़ाया जाए तथा किसी भी स्थिति में भगदड़ जैसी परिस्थिति उत्पन्न न होने दी जाए।
उन्होंने सभी सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच, ड्रोन से निरंतर निगरानी, कंट्रोल रूम और फील्ड पुलिस के बीच बेहतर समन्वय, प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते द्वारा नियमित एंटी-सबोटाज जांच, अतिक्रमण हटाने, ट्रैफिक डायवर्जन योजना का प्रभावी पालन और आपातकालीन मार्ग हर समय खाली रखने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही खोया-पाया केंद्र को पूरी तरह सक्रिय रखने, पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से समय-समय पर आवश्यक सूचनाएं प्रसारित करने, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने तथा होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस और किराये के आवासों का नियमित सत्यापन कराने के भी निर्देश जारी किए गए।
अपर पुलिस आयुक्त ने कहा कि रथयात्रा मेले को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाना कमिश्नरेट पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए आधुनिक तकनीक, पर्याप्त पुलिस बल और प्रभावी प्रबंधन के माध्यम से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
श्रद्धालुओं से अपील
कमिश्नरेट पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पुलिस एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें, धैर्य एवं अनुशासन बनाए रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत निकटतम पुलिसकर्मी या कंट्रोल रूम को दें, ताकि रथयात्रा मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराया जा सके।



No comments