• Breaking News

    पहाड़ों में बारिश का असर: काशी में बढ़ा गंगा का जलस्तर, ललिता घाट से बदला गंगा आरती का स्थान

    वाराणसी :- उत्तराखंड और अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब काशी में भी साफ दिखाई देने लगा है। गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। गुरुवार को गंगा का जलस्तर करीब 30 सेंटीमीटर बढ़कर 60.20 मीटर से 60.50 मीटर पर पहुंच गया। जलस्तर बढ़ने के चलते ललिता घाट स्थित गंगा आरती स्थल को एहतियातन दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया है।

    पिछले एक सप्ताह में गंगा का जलस्तर करीब 2.20 मीटर (लगभग सात फीट) बढ़ चुका है। जलस्तर में तेजी से हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है और घाटों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। अनुमान है कि शुक्रवार को भी गंगा के जलस्तर में और इजाफा हो सकता है।

    केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के फ्लड फोरकास्ट के अनुसार, आगामी सात दिनों तक वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने का क्रम जारी रह सकता है। हालांकि फिलहाल राहत की बात यह है कि जलस्तर चेतावनी और खतरे के निशान से काफी नीचे है, इसलिए तत्काल बाढ़ जैसी स्थिति की आशंका नहीं जताई गई है।

    वहीं, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार गंगा का जलस्तर अभी काफी कम है। 16 जुलाई 2025 को वाराणसी में गंगा का जलस्तर 68.43 मीटर रिकॉर्ड किया गया था, जबकि इस समय यह 60.50 मीटर पर है। इसके बावजूद मानसून के सक्रिय रहने और पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते प्रशासन ने हालात पर नजर बनाए रखी है तथा घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील की है।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad