• Breaking News

    राम मंदिर चढ़ावा विवाद: वाराणसी में बजरंगबली को लिखा गया पत्र, NEP नेता ने कहा- 'दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई'

    वाराणसी :- अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित गबन/चोरी के मामले को लेकर सियासत तेज है। इस बीच वाराणसी में एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। नेशनल इक्वल पार्टी (NEP) के नेता शशि प्रताप सिंह ने संकटमोचन हनुमान मंदिर पहुंचकर बजरंगबली को पत्र अर्पित किया और मामले में न्याय दिलाने की प्रार्थना की।

    शशि प्रताप सिंह ने अपने पत्र में लिखा कि भगवान श्रीराम के मंदिर से जुड़े इस प्रकरण में करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है। उन्होंने बजरंगबली से प्रार्थना की कि सच सामने आए और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई हो।

    'जांच पर भरोसा नहीं, बजरंगबली से न्याय की उम्मीद'

    मीडिया से बातचीत में शशि प्रताप सिंह ने कहा कि उन्हें मौजूदा पुलिस और एसआईटी की जांच पर भरोसा नहीं है। उनका आरोप है कि अब तक केवल छोटे लोगों पर कार्रवाई हुई है, जबकि मुख्य जिम्मेदार अब भी कानून की पकड़ से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि इसलिए उन्होंने बजरंगबली की शरण ली है और न्याय की गुहार लगाई है।

    रामभक्त हनुमान से लगाई गुहार

    शशि प्रताप सिंह ने कहा कि रामायण में जब-जब भगवान श्रीराम पर संकट आया, तब-तब हनुमान जी ने उनकी सहायता की। इसी विश्वास के साथ उन्होंने बजरंगबली से प्रार्थना की है कि श्रीराम के मंदिर से जुड़े इस विवाद में भी सत्य सामने लाने और दोषियों को दंड दिलाने में अपनी कृपा करें।

    राजनीतिक बयानबाजी के बीच अनोखी पहल

    अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित गबन के आरोपों को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठा रहा है, जबकि मामले की जांच एसआईटी कर रही है और कुछ गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं। इसी बीच वाराणसी में बजरंगबली को पत्र लिखकर न्याय की मांग करने की यह पहल चर्चा का विषय बन गई है।



    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad