• Breaking News

    वाराणसी समेत पूरे पूर्वांचल में मानसून हुआ सक्रिय, झमाझम बारिश से गर्मी से राहत; जानिए अगले कुछ दिनों का मौसम

    वाराणसी :-
    पूर्वांचल में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होता दिखाई दे रहा है। रविवार को वाराणसी समेत कई जिलों में सुबह से ही बादलों का डेरा रहा और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस और तेज गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली।

    मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले पूरे सप्ताह पूर्वांचल में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। बीच-बीच में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। दिन में धूप निकलने से स्थानीय स्तर पर गर्मी (लोकल हीटिंग) बढ़ सकती है, जिसके कारण बादलों का विकास तेज होगा और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
    इस वर्ष मानसून ने पूर्वांचल में करीब नौ दिन की देरी से 30 जून को दस्तक दी थी। इसके बाद से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। अब मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने से क्षेत्र में बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी। हालांकि, नमी अधिक रहने और पुरवा हवा चलने के कारण बीच-बीच में उमस का एहसास भी हो सकता है।

    रविवार को वाराणसी के अलावा आजमगढ़ सहित कई जिलों में दोपहर तक रुक-रुक कर बारिश हुई। इससे सड़कों पर गर्मी का असर कम हुआ और लोगों ने राहत महसूस की। वहीं, मानसून सक्रिय होने के बाद किसान भी खेतों की ओर लौटने लगे हैं और खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारियां तेज हो गई हैं।

    मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में वाराणसी का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है। इस दौरान हवा में नमी 50 से 70 प्रतिशत के बीच बनी रही।

    मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक पूर्वांचल में मानसून की गतिविधियां जारी रहेंगी। ऐसे में लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलेगी, जबकि किसानों के लिए भी यह बारिश खेती-किसानी के लिहाज से फायदेमंद साबित होगी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad