• Breaking News

    यूपी कॉलेज छात्र हत्याकांड: मुख्य आरोपी मंजीत चौहान पर NSA की कार्रवाई, जमानत की कोशिशों पर लगा ब्रेक

    वाराणसी :- उदय प्रताप (यूपी) कॉलेज परिसर में छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या के चर्चित मामले में वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने मुख्य आरोपी मंजीत चौहान के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर के निर्देशन और जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर आरोपी के विरुद्ध NSA-1980 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है, जिससे उसकी रिहाई की संभावनाओं पर रोक लग सके और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे।

    दिनदहाड़े कॉलेज परिसर में हुई थी हत्या

    20 मार्च 2026 को यूपी कॉलेज परिसर में बीए द्वितीय वर्ष के छात्र मंजीत चौहान ने बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र सूर्य प्रताप सिंह को क्लास के बाहर गोली मार दी थी। घटना में सूर्य प्रताप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस सनसनीखेज वारदात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसने पूरे शहर को झकझोर दिया था।

    घटना के बाद छात्रों का उग्र प्रदर्शन

    हत्या के बाद कॉलेज परिसर में भारी आक्रोश फैल गया था। छात्रों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। इसी दौरान सोशल मीडिया पर आरोपी की एक तस्वीर वायरल हुई, जिसमें उसके साथ 'माफिया' शब्द लिखा दिखाई दिया था। इस तस्वीर ने भी मामले को लेकर काफी चर्चा बटोरी थी।

    गिरफ्तारी के बाद गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई

    घटना के अगले ही दिन 21 मार्च 2026 को शिवपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी।

    क्यों लगाया गया NSA?

    पुलिस अधिकारियों की रिपोर्ट के अनुसार, इस हत्याकांड से कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया था। आरोपी लगातार अदालत से जमानत पाने का प्रयास कर रहा था। प्रशासन को आशंका थी कि यदि वह जेल से बाहर आया तो क्षेत्र की शांति और लोक-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसी आधार पर उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

    'माफिया' नाम को लेकर परिवार की सफाई

    मंजीत चौहान के नाम के साथ सोशल मीडिया पर जुड़े 'माफिया' शब्द को लेकर उसके भाई ने हाल ही में सफाई दी थी। उसका कहना था कि मंजीत किसी आपराधिक गिरोह का सदस्य नहीं था। वह एक वेब सीरीज में स्पॉट बॉय के रूप में काम करता था, जहां शूटिंग के दौरान इस्तेमाल होने वाले नकली कट्टे के साथ उसने तस्वीर खिंचवाई थी। वही फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट होने के बाद वायरल हो गई। पुलिस ने उस समय पूछताछ भी की थी, लेकिन कोई आपराधिक तथ्य सामने नहीं आने पर उसे छोड़ दिया गया था। इसके बाद कॉलेज के कुछ साथी मजाक में उसे 'माफिया' कहने लगे और यही नाम उसके साथ जुड़ गया।

    फिलहाल, पुलिस का कहना है कि लोक-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति को रोकने के उद्देश्य से आरोपी के विरुद्ध NSA की कार्रवाई की गई है।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad