• Breaking News

    काशी विश्वनाथ मंदिर की सुरक्षा में तैनात PAC जवान की कार्बाइन से चली गोली, तीन लोग घायल; जांच शुरू

    वाराणसी :- श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के अति संवेदनशील सुरक्षा क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मंदिर की सुरक्षा में तैनात पीएसी के एक जवान की कार्बाइन राइफल से अचानक गोली चल गई। गोली सड़क से टकराई, जिससे उछली गिट्टियां तीन लोगों को लग गईं। घायलों को तत्काल कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई है। घटना के बाद जवान को चौक थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
    गेट नंबर-4 पर हुआ हादसा
    जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर-4 पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पीएसी जवान अमरनाथ चौहान की कार्बाइन राइफल अचानक हाथ से छूटकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान राइफल से गोली चल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो राउंड फायर होने की भी चर्चा है। गोली सड़क से टकराई, जिससे गिट्टियां उछलकर आसपास मौजूद लोगों को जा लगीं।
    तीन लोग घायल, अस्पताल में कराया गया भर्ती
    घटना में निक्की, राम बाबू और विकास यादव घायल हुए हैं। इनमें दो माला-फूल विक्रेता और एक राहगीर शामिल हैं। घायलों के हाथ और पेट में गिट्टियां लगने से मामूली चोटें आईं। उन्हें तत्काल कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई।

    घटना के बाद मची अफरा-तफरीअति संवेदनशील क्षेत्र में अचानक गोली चलने की आवाज सुनते ही मंदिर परिसर और आसपास अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर के लिए श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। हालांकि, मौके पर मौजूद अन्य सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

    जवान से पूछताछ, पुलिस जांच में जुटी

    घटना की सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीएसी जवान को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और क्या यह पूरी तरह दुर्घटनावश हुआ या इसमें किसी प्रकार की लापरवाही रही।

    पुलिस अधिकारियों का बयान

    पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गोली सीधे किसी व्यक्ति को नहीं लगी। गोली सड़क से टकराई, जिससे उछली गिट्टियां दो दुकानदारों और एक राहगीर को लगीं। तीनों घायलों की हालत सामान्य है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जवान से पूछताछ के साथ ही घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad