• Breaking News

    राम मंदिर चढ़ावा विवाद: VHP अध्यक्ष आलोक कुमार का विपक्ष पर पलटवार, DSP को पत्र लिखकर कहा- आरोप हैं तो सबूत भी दें

    अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे और दान राशि को लेकर लगाए गए कथित आरोपों के बीच विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने विपक्षी नेताओं को खुली चुनौती दी है। VHP के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने मामले के जांच अधिकारी पुलिस उपाधीक्षक (DSP) को पत्र भेजकर आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि आरोप लगाने वाले नेताओं के पास कोई प्रमाण है तो उसे जांच एजेंसी के सामने प्रस्तुत किया जाए, अन्यथा झूठे आरोप साबित होने पर कानूनी कार्रवाई की जाए।

    विपक्षी नेताओं से पूछे जाएं आरोपों का आधार

    आलोक कुमार ने अपने पत्र में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा, आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल, सांसद संजय सिंह और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव के बयानों का उल्लेख किया है। उनका कहना है कि ये सभी अनुभवी राजनीतिक नेता हैं और यदि उन्होंने सार्वजनिक मंच से इतने गंभीर आरोप लगाए हैं तो उनके पास निश्चित रूप से कुछ तथ्य या दस्तावेज होंगे। ऐसे में जांच एजेंसी को उनसे संपर्क कर साक्ष्य जुटाने चाहिए।

    20 हजार करोड़ रुपये के दावे पर उठाए सवाल

    राम गोपाल यादव के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें उन्होंने हजारों करोड़ रुपये के चंदे में गड़बड़ी का आरोप लगाया था, आलोक कुमार ने कहा कि ट्रस्ट को अब तक इतनी राशि चंदे के रूप में प्राप्त ही नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इतनी बड़ी रकम का दावा किस आधार पर किया गया और इसके समर्थन में क्या प्रमाण मौजूद हैं।

    केजरीवाल और प्रियंका गांधी के बयानों की भी हो जांच

    VHP अध्यक्ष ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और प्रियंका गांधी ने भी राम मंदिर के चंदे को लेकर सार्वजनिक बयान दिए हैं। उनका कहना है कि यदि इन नेताओं के पास किसी प्रकार के दस्तावेज या तथ्य हैं तो उन्हें जांच टीम के सामने रखा जाना चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि यदि आरोप तथ्यों पर आधारित हैं तो जांच में मदद मिलेगी और यदि निराधार हैं तो कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जानी चाहिए।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad