वाराणसी: प्रेम विवाह के तीन महीने बाद युवक की संदिग्ध मौत, पत्नी के गांव के बाहर नहर किनारे मिला शव
वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में एक होटल कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। रविवार सुबह पत्नी के गांव के बाहर नहर किनारे युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।मृतक की पहचान गौरा गांव निवासी जग्गू के रूप में हुई, जो एक होटल में काम करता था। ग्रामीणों ने सुबह बिहड़ा गांव की ओर जाने वाली सड़क के किनारे शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक जांच में युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस के मुताबिक उसके बाल भी उखड़े हुए थे, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि घटना के बाद पहचान छिपाने की कोशिश की गई हो, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।परिजनों ने बताया कि जग्गू ने करीब तीन महीने पहले बिहड़ा गांव की रहने वाली शिमला देवी से प्रेम विवाह किया था। बताया गया कि उनकी पत्नी दृष्टिबाधित है। कुछ दिनों पहले पति-पत्नी के बीच विवाद होने के बाद जग्गू अपनी पत्नी को उसके मायके छोड़ आया था। शनिवार रात वह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसका शव पत्नी के गांव के बाहर मिला।
मृतक की बड़ी बहन गीता ने दाहिने हाथ पर बने पैदाइशी निशान के आधार पर शव की पहचान की।
मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि शनिवार रात जग्गू पत्नी के मायके गया था या नहीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



No comments