• Breaking News

    वाराणसी Weather Update: दो दिन हल्के रहेंगे बादल, फिर पूर्वांचल में बारिश की वापसी के संकेत

    वाराणसी :-
    पूर्वांचल समेत वाराणसी में मौसम फिलहाल शांत बना हुआ है। गुरुवार को दिनभर आसमान में हल्के बादल छाए रहे, लेकिन घने बादलों की कमी के कारण बारिश की गतिविधियां सीमित रहीं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है, जबकि सप्ताहांत से मौसम फिर करवट ले सकता है।

    मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार के बाद बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी बढ़ने के साथ पूर्वांचल में बादलों की सक्रियता दोबारा तेज होगी। इसके चलते कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना बन रही है।

    गुरुवार सुबह वातावरण में नमी अधिक रहने से लोगों को उमस का एहसास हुआ, हालांकि पुरवा हवा चलने से दोपहर के समय गर्मी का असर कुछ कम रहा। आने वाले दिनों में नमी का स्तर और बढ़ने की संभावना है, जिससे बादलों का दायरा भी विस्तृत हो सकता है।

    बीते 24 घंटों के दौरान वाराणसी का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान न्यूनतम आर्द्रता 70 प्रतिशत और अधिकतम 83 प्रतिशत रही। कुछ क्षेत्रों में 0.4 मिमी तक हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई।

    मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक व्यापक बारिश की संभावना कम है, लेकिन उसके बाद बादलों की सक्रियता बढ़ने के साथ पूर्वांचल में एक बार फिर वर्षा का दौर शुरू हो सकता है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad