स्वतंत्रता दिवस पर वाराणसी पुलिस आयुक्त ने किया ध्वजारोहण, 100 मॉडीफाइड फैंटम बाइक को दिखाई हरी झंडी
वाराणसी :- 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स, कमिश्नरेट वाराणसी में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। समारोह में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न पदक, प्रशस्ति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करने का दिन है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 1947 को मिली स्वतंत्रता हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों के अदम्य साहस और संघर्ष का परिणाम है।उन्होंने कहा कि आज पुलिस सहित प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के भारत को संविधान के मूल्यों, एकता, अखंडता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निरंतर आगे बढ़ाया जाए।संविधान के मूल्यों की रक्षा पुलिस की जिम्मेदारीपुलिस आयुक्त ने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने का अधिकार नहीं देती, बल्कि संविधान के प्रति निष्ठा और उसके मूल्यों की रक्षा का दायित्व भी सौंपती है। पुलिस का प्रत्येक कदम संविधान की भावना के अनुरूप होना चाहिए।उन्होंने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को पुलिस के आचरण का आधार बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के न्याय और सुरक्षा पहुंचाना पुलिस की जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक के मन में यह विश्वास होना चाहिए कि पुलिस उसके अधिकारों की रक्षक है।
काशी को मिली 100 मॉडीफाइड फैंटम बाइक की सौगात
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने काशीवासियों को शुभकामनाएं देते हुए पुलिसिंग को और अधिक त्वरित, जनसुलभ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ी पहल की। उन्होंने 100 मॉडीफाइड फैंटम बाइक दस्ते को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह फैंटम बाइक दस्ता शहर के प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और महत्वपूर्ण स्थानों पर सक्रिय रहेगा। इससे पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ेगी और आम नागरिकों को मौके पर ही त्वरित पुलिस सहायता मिल सकेगी।नई व्यवस्था के तहत छोटी-बड़ी शिकायत के लिए हर बार थाने या चौकी जाने की जरूरत नहीं होगी। नागरिक मौके पर मौजूद फैंटम पुलिसकर्मियों को अपनी समस्या बता सकेंगे, जिस पर पुलिस द्वारा तत्काल आवश्यक सहायता और कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।नवीन लुक में तैयार इन मॉडीफाइड फैंटम बाइकों पर विशिष्ट बाइक नंबर और संपर्क मोबाइल नंबर अंकित रहेगा। इससे जरूरत पड़ने पर आमजन संबंधित पुलिसकर्मी की पहचान कर आसानी से संपर्क कर सकेंगे।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि यह पहल “पुलिस जनता के बीच, जनता की पहुंच में” की अवधारणा को मजबूत करेगी और काशी में सुरक्षित, संवेदनशील एवं त्वरित पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।इन पुलिसकर्मियों को मिले पदक और प्रशस्ति चिन्ह
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश की ओर से प्रदान किए गए ‘हीरक प्रशंसा चिन्ह’ से सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी को सम्मानित किया गया।
वहीं ‘प्रशंसा चिन्ह सिल्वर’ से निरीक्षक जितेन्द्र यादव, निरीक्षक दयाशंकर सिंह, उप निरीक्षक गौरव कुमार सिंह (एसओजी), उप निरीक्षक बृजेश कुमार, महिला उप निरीक्षक निकिता सिंह, उप निरीक्षक भरत चौधरी, मुख्य आरक्षी प्रमोद सिंह, आरक्षी अशोक कुमार, आरक्षी अंकित मिश्रा और आरक्षी मनीष कुमार बघेल को सम्मानित किया गया।
‘सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह’ मुख्य आरक्षी विजय कुमार यादव, यातायात लाइन और मुख्य आरक्षी संतोष कुमार मिश्रा, केवीएम सुरक्षा को प्रदान किया गया।
यूपी-112 के बेहतर रिस्पांस टाइम पर छह पुलिसकर्मी सम्मानित
यूपी-112 मुख्यालय, उत्तर प्रदेश की ओर से बेहतर रिस्पांस टाइम के लिए मुख्य आरक्षी ओम प्रकाश पाण्डेय, आरक्षी अरविन्द साहनी, आरक्षी नीरज यादव, होमगार्ड चालक विजय नारायण सिंह, होमगार्ड चालक सुरेश कुमार यादव और होमगार्ड चालक श्याम पाण्डेय को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। सभी पीआरवी-4963 से जुड़े हैं।
सराहनीय कार्य करने वाले 30 पुलिसकर्मी सम्मानित
पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी की ओर से जनपद में सराहनीय कार्य करने वाले कुल 30 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में सहायक पुलिस आयुक्त अतुल अंजान त्रिपाठी, निरीक्षक शिवाकान्त मिश्रा, निरीक्षक दिनेश कुमार यादव, निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा, उप निरीक्षक दिगम्बर उपाध्याय, उप निरीक्षक संदीप कुमार सिंह, उप निरीक्षक पुष्कर दुबे, उप निरीक्षक वैभव शुक्ला, उप निरीक्षक उमाशंकर, उप निरीक्षक रवि गौड़, उप निरीक्षक विकास कुमार मौर्या, महिला उप निरीक्षक गोल्डी, उप निरीक्षक राजेश कुमार मौर्य, उप निरीक्षक मधुसूदन त्रिपाठी, उप निरीक्षक आयुष कुमार ओझा, उप निरीक्षक गौरव कुमार सिंह, उप निरीक्षक आयुष पाण्डेय, मुख्य आरक्षी संतोष कुमार, मुख्य आरक्षी चन्द्रसेन सिंह, मुख्य आरक्षी प्रांजल कुमार सिंह, महिला आरक्षी सुजाता मौर्या, महिला आरक्षी रेनू कुमारी, आरक्षी शिव कुमार, आरक्षी पृथ्वीराज सिंह, आरक्षी सूर्यभान सिंह, आरक्षी अवनीश पाण्डेय, आरक्षी गुड्डू विश्वकर्मा, लीडिंग फायर मैन रामबचन यादव, फायर मैन आदित्य कुमार तिवारी तथा होमगार्ड शान्तनु सिंह शामिल हैं।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में पुलिसकर्मियों के सम्मान के साथ शुरू की गई 100 मॉडीफाइड फैंटम बाइक की नई व्यवस्था को काशी में पुलिस की पहुंच और विजिबिलिटी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे आमजन को मौके पर त्वरित पुलिस सहायता मिलने के साथ ही पुलिस और जनता के बीच संवाद भी और मजबूत होने की उम्मीद है।
कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस का संकल्प है—सुरक्षा, सेवा और संवेदनशीलता के साथ प्रत्येक नागरिक के विश्वास पर खरा उतरना।









No comments