• Breaking News

    वाराणसी : नगर निगम के डंपर ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, महिला का पैर हुआ अलग; चालक हिरासत में...

    वाराणसी :-
    लंका थाना क्षेत्र के सुंदरपुर में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर और ई-रिक्शा की भिड़ंत में कई लोग घायल हो गए। हादसे में ई-रिक्शा पर सवार 55 वर्षीय शीला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना में उनका दाहिना पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर अलग हो गया। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने उन्हें इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।
    बताया जा रहा है कि शीला देवी चितईपुर थाना क्षेत्र के टिकरी गांव की रहने वाली हैं। वह शनिवार को अन्य महिलाओं के साथ सुंदरपुर सब्जी मंडी गई थीं। दोपहर में मंडी से लौटते समय उनका ई-रिक्शा सुंदरपुर क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गया।
    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नगर निगम का डंपर तेज गति से जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एंबुलेंस को रास्ता देने की कोशिश में डंपर अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहन कुछ दूरी तक घिसटते चले गए।

    हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ई-रिक्शा में सवार अन्य महिलाओं को भी चोटें आईं, जबकि चालक रामबाबू भी घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी।
    दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से निकलने का प्रयास कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने चालक के साथ मारपीट भी की। सूचना मिलते ही संकट मोचन चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और चालक को लोगों के कब्जे से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।

    पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों, वाहन की गति और चालक की भूमिका की जांच कर रही है। तहरीर मिलने और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad